लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जन भवन, लखनऊ में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए.के.टी.यू), लखनऊ के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
यह आयोजन भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थय के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। प्रस्तुति में यह संदेश दिया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए चिंता का विषय है।